जांजगीर-चांपा। जिले में एसीबी (ACB) बिलासपुर की टीम ने आज बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए नवागढ़ नगर पंचायत के लेखापाल प्रकाश जायसवाल को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर 2.03 लाख रुपये के बिल का चेक जारी कराने के एवज में 16 हजार रुपये की मांग करने का आरोप है।
चेक जारी करने के नाम पर मांगी थी रिश्वत
शिकायतकर्ता अब्दुल वहाब ने एसीबी से इसकी शिकायत की थी, जिसमें बताया गया कि वह पहले ही 6 हजार रुपये दे चुका है और शेष राशि की मांग की जा रही है। सत्यापन के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और आज ग्राम सेमरा के पास शाह क्रशर के नजदीक आरोपी को रिश्वत लेते पकड़ लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
आठ हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया यह आरोपी, चेक जारी कराने के नाम पर रकम ले रहा था। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।