अंबिकापुर में साइबर ठगी में म्यूल अकाउंट गिरोह का राजफाश, तीन आरोपित गिरफ्तार

Chhattisgarh Crimesअंबिकापुर। साइबर ठगी के जरिए अवैध लेन-देन करने वाले म्यूल अकाउंट गिरोह का गांधीनगर पुलिस ने राजफ़ाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 101 पासबुक, 35 एटीएम, 28 चेकबुक व 1.36 लाख नकद जब्त किया गया है।

आरोपितों द्वारा युवाओं को झांसा देकर उनके नाम से खाता खुलवा पासबुक और एटीएम का उपयोग साइबर ठगी की राशि लेन देन के लिए कमीशन में दे दिया जाता था।

यह कार्रवाई डीआईजी व एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर राहुल बंसल के नेतृत्व में गांधीनगर पुलिस द्वारा की गई। आरोपितों से पूछताछ में साइबर ठगी और म्यूल एकाउंट के संबंध में कई अहम जानकारी मिली है। इस आधार पर पुलिस की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार19 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एसबीआई शाखा बनारस रोड स्थित भवन के दूसरे तल पर किराए से रहने वाला युवक अवैध तरीके से युवाओं को लालच देकर उनके नाम से सिम कार्ड खरीदवाकर बैंक खाते खुलवा रहा है। इन खातों की पासबुक, एटीएम और चेकबुक लेकर उन्हें साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर करने के लिए बेचा जा रहा था।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल छापा मार कार्रवाई की। मौके से आरोपित राहुल गुप्ता पिता राजेश गुप्ता (20) निवासी शिवा पार्क रेनुकुट थाना पिपरी जिला सोनभद्र को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 101 पासबुक, 35 एटीएम कार्ड, 28 चेकबुक, तीन मोबाइल, तीन सिम कार्ड, सिम व एटीएम कवर तथा एक लाख 36 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपित ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर इस अवैध कारोबार को संचालित करना स्वीकार किया। इसके आधार पर पुलिस ने उसके सहयोगियों विकास किर्तनिया पिता रवि किर्तनिया (26) निवासी ग्राम चठिरमा थाना गांधीनगर अंबिकापुर तथा आशुतोष शर्मा पिता घनश्याम शर्मा (20) निवासी वार्ड क्रमांक पांच पानी टंकी के पास गोधनपुर थाना गांधीनगर, अंबिकापुर को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां दोनों ने अपराध स्वीकार किया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपित कमीशन के लालच में लोगों से उनके बैंक खाते, एटीएम और दस्तावेज लेकर साइबर ठगी की रकम इन खातों में डलवाते थे और फिर उसे अन्य जगह ट्रांसफर कर अवैध लाभ कमाते थे। आरोपितों के खिलाफ थाना गांधीनगर में धारा 318(4), 317(4), 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण द्विवेदी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की भूमिका रही।

खातों में लाखों रुपये हैं जमा

पुलिस ने बताया कि आरोपितों का संबंध किसी साइबर ठग गिरोह से जुड़ा हुआ है क्योंकि पूछताछ में इनके द्वारा कई सवालों का संतोषप्रद जबाब नहीं दिया गया। तब राहुल गुप्ता से बरामद बैंक खातों की जांच पोर्टल के माध्यम से किया गया। पोर्टल से संबंधित बैंक खातों के म्यूल एकाउंट होने की जानकारी मिली। यह भी पता चला कि उन खातों में लाखों रुपये का लेनदेन हुआ है। लाखों रुपये बैंक खातों में जमा भी था। सभी खातों को आरोपित बाहर भेजने की फिराक में था।