
पुलिस के अनुसार, दिलीप पिछले एक महीने से लापता था और उसके परिजनों ने उरला थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अब इतने दिनों बाद उसका कंकाल मिला है।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है। शव पूरी तरह से गल चुका है और केवल हड्डियां बची हैं। इसलिए पुलिस इसे हत्या से जोड़कर भी देख रही है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने दिलीप की हत्या कर शव को सुनसान इलाके में फेंक दिया है। जिससे सबूत मिटाए जा सकें।
CCTV खंगाल रही पुलिस
फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। हड्डियों के अवशेषों को पोस्टमॉर्टम और डीएनए जांच के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। जिससे दिलीप की आखिरी लोकेशन और उसकी किसी से दुश्मनी के बारे में पता चल सके।
पुलिस आस-पास के इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। उरला थाना प्रभारी के मुताबिक, रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।