कुसमी पुलिस ने वनकर्मियों के साथ गाली-गलौज और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में एक ट्रेक्टर मालिक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी पर संरक्षित वन क्षेत्र से अवैध उत्खनन कर पत्थर परिवहन करने का आरोप है।
यह घटना गुरुवार को वन परिक्षेत्र कुसमी के बीट गजाधरपुर में हुई। प्रशिक्षु एसडीओ मणिकांत वर्मा के नेतृत्व में वनकर्मी संरक्षित वन से अवैध उत्खनन कर पत्थर परिवहन की सूचना पर मौके पर पहुंचे थे। वहां एक ट्रेक्टर से अवैध रूप से पत्थर लोड कर ले जाया जा रहा था, जिसे एसडीओ ने नियमानुसार जब्त कर लिया।
शासकीय कार्य में बाधा उत्त्पन्न करने वाला गिरफ्तार
जब्त किए गए ट्रेक्टर को चालक द्वारा कुसमी लाया जा रहा था, तभी कुसमी-सामरी रोड पर क्रेशर के पास ट्रेक्टर मालिक हरिगोविंद यादव ने उसे रोक दिया।
आरोपी ने चालक को नीचे उतारकर भगा दिया और ट्रेक्टर में लदे पत्थरों को हाइड्रोलिक की मदद से सड़क पर गिराकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया।
इस दौरान हरिगोविंद यादव ने वनकर्मियों के साथ गाली-गलौज की और धक्का-मुक्की कर उन्हें चोट पहुँचाने की कोशिश की। उसने शासकीय कार्य में भी बाधा उत्पन्न की।
वनकर्मियों की शिकायत पर पुलिस ने ट्रेक्टर मालिक हरिगोविंद यादव, पिता सरजू यादव, निवासी ग्राम सेरंगदाग के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 296, 223, 351(2), 221, 126(2), 121बी के तहत मामला दर्ज किया।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। हरिगोविंद यादव भाजपा कार्यकर्ता और शासकीय सेरंगदाग हाईस्कूल के सांसद प्रतिनिधि भी बताए जा रहे हैं।