बलरामपुर-रामानुजगंज में छात्रावास अधीक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष उदेश सिंह तोमर ने अंगदान का संकल्प लेकर समाज में एक प्रेरक मिसाल पेश की

Chhattisgarh Crimesबलरामपुर-रामानुजगंज में छात्रावास अधीक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष उदेश सिंह तोमर ने अंगदान का संकल्प लेकर समाज में एक प्रेरक मिसाल पेश की है। उन्होंने हृदय, किडनी, लिवर सहित अपने अन्य महत्वपूर्ण अंगों को दान करने का निर्णय लिया है।

तोमर ने साल 2012 में ही नेत्रदान का संकल्प लिया था। अब उन्होंने इस पहल को आगे बढ़ाते हुए अपने हृदय, किडनी, लिवर और अन्य महत्वपूर्ण अंगों का भी दान करने का फैसला किया है। इसके लिए उन्होंने तमिलनाडु के वेल्लोर स्थित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज में औपचारिक पंजीकरण भी करा लिया है।

देश में अंगों की कमी एक गंभीर समस्या बनी हुई है, जिसके कारण हर साल बड़ी संख्या में मरीज अंग प्रत्यारोपण के इंतजार में रहते हैं। सीमित उपलब्धता के चलते कई लोगों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता। ऐसे में उदेश सिंह तोमर जैसे व्यक्तियों का अंगदान का संकल्प समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

युवाओं और छात्रावासों में अंगदान जागरूकता बढ़ाने की अपील

उदेश सिंह तोमर ने अपने संदेश में कहा कि अंगदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है, जो किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अंगदान की प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित, वैज्ञानिक और कानूनी प्रावधानों के तहत ही संपन्न होती है।

उन्होंने छात्रावास अधीक्षकों और युवाओं से अपील की है कि वे अंगदान के विषय पर जागरूकता अभियान, शपथ कार्यक्रम और परिचर्चाओं का आयोजन करें। इसका उद्देश्य समाज में अंगदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना और अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जोड़ना है।