छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई छिटपुट बारिश के बाद अब मौसम पूरी तरह से बदलने वाला है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि प्रदेश में अब गर्मी का असर बढ़ेगा और अगले 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल प्रदेश के कई हिस्सों में पारा सामान्य से 3 से 6 डिग्री नीचे बना हुआ है।
लेकिन अब शुष्क मौसम के कारण सूरज के तेवर तीखे होने शुरू हो जाएंगे। पिछले 24 घंटों की बात की जाए तो उत्तर छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 12.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं दूसरी ओर, दुर्ग जिले में दोपहर की गर्मी सबसे ज्यादा महसूस की गई, जहां अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।