बिलासपुर में बाइक सवार 2 युवकों ने स्कूटी सवार महिला के गले से सोने की मंगलसूत्र लूट लिया

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर में बाइक सवार 2 युवकों ने स्कूटी सवार महिला के गले से सोने की मंगलसूत्र लूट लिया। महिला अपनी परिचित की महिला के साथ लौट रही थी, तभी पीछे से बाइक सवार युवक फर्राटे मारते हुए आए और अचानक झपट्‌टा मारकर गले से मंगलसूत्र छीन कर भाग निकले। वारदात के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी की, लेकिन तब तक बाइकर्स दूर भाग गए थे।

घटना तारेवा थाना क्षेत्र की है। राजकिशोर नगर निवासी तुलिका बाजपेयी अपने परिचित के साथ सोमवार की देर शाम तोरवा क्षेत्र के देवरीखुर्द स्थित गदा चौक गई थी। काम खत्म होने के बाद वह स्कूटी से घर लौट रही थीं। अभी वो तोरवा रोड पर थी।

इस दौरान पल्सर बाइक सवार दो युवक फर्राटे मारते हुए पीछे से आए। फिर अचानक झपट्‌टा मारक महिला के गले से मंगलसूत्र छीन लिया, जिसके बाद युवक तेजी से मस्तूरी की ओर भाग निकले। महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले ही दोनों फरार हो चुके थे।इस घटना के बाद महिला ने शोर मचाकर लोगों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को लूट की सूचना दी, लेकिन महिला से पूछताछ के बाद जब पुलिस अलर्ट हुई, तब तक काफी देर हो चुकी थी और बाइक सवार युवक दूर भाग चुके थे।

पुलिस की नाकेबंदी भी काम नहीं आई

लूट की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मस्तूरी, मल्हार और तोरवा थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग पॉइंट लगाया। इस दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच की गई, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला। इस दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की।

फुटेज में भी आरोपी स्पष्ट नजर नहीं आ रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर तोरवा-मस्तूरी रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों की तलाश करने का प्रयास कर रही है।

ऑटो से युवती का जेवर से भरा बैग गायब

देवरीखुर्द निवासी श्रद्धा भोई 21 मार्च को काम की तलाश में अग्रसेन चौक गई थी। शाम को वह बस स्टैंड से ऑटो में बैठकर घर लौट रही थी। पावर हाउस के पास उतरने के दौरान एक नशे में धुत व्यक्ति भी बैग लेकर उतर गया।

घर पहुंचने पर युवती को पता चला कि उसका बैग ऑटो में ही गायब हो गया है। बैग में सोने-चांदी के जेवर रखे थे। युवती की शिकायत पर पुलिस ने दो दिन बाद सोमवार को मामला दर्ज किया है।