भिलाई में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार बाइक हादसे का शिकार हो गई, जिसमें दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए

Chhattisgarh Crimesभिलाई में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार बाइक हादसे का शिकार हो गई, जिसमें दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा टाउनशिप के सेक्टर-4 स्थित सेंट्रल एवेन्यू रोड पर सुबह करीब 7:15 बजे हुआ। घटना भट्टी थाना क्षेत्र की है।

बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह डैमेज हो गई। हादसे के बाद दोनों किशोर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।घायल छात्र बताया जा रहा CISF जवान का बेटा

पुलिस के अनुसार, बाइक चला रहा किशोर सेक्टर-3 का निवासी है और 10वीं कक्षा का छात्र है। उसके पिता केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में जवान बताए जा रहे हैं। बाइक पर पीछे उसका दोस्त बैठा था, जो रिसाली का रहने वाला है।

हादसे में घायल दोनों किशोरों की पहचान दिव्या कुमार और अक्षत चंद्राकर के रूप में हुई है।

मामले की जांच कर रही पुलिस

सीएसपी भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि यह घटना मंगलवार सुबह टाउनशिप क्षेत्र के सेंट्रल एवेन्यू रोड पर हुई। तेज रफ्तार KTM बाइक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई, जिससे उस पर सवार दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक काफी तेज रफ्तार में थी। अचानक संतुलन बिगड़ने से बाइक सीधे सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को संभाला।

Exit mobile version