छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में पसंद की लड़की से शादी कराने की जिद पर एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में पसंद की लड़की से शादी कराने की जिद पर एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक करीब 4 घंटे तक टावर पर बैठा रहा। उसकी मांग पूरी नहीं होने पर नीचे कूदने की धमकी देता रहा।जबकि युवती ने शादी से इनकार कर दिया है।

युवती ने बेवजह परेशान करने और छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई है। टावर से उतारने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना लुंड्रा थाने से करीब 200 मीटर दूर की है।

40 फीट ऊंचे टावर पर बैठा रहा युवक

लुंड्रा के छीरोपारा निवासी योगेश यादव (27) मंगलवार सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गया। वो करीब 40 फीट की ऊंचाई पर बैठ गया और कहा कि अगर उसकी शादी मनपसंद लड़की से नहीं कराई गई तो वह टावर से कूद जाएगा।

सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों और पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक युवक को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह टावर से उतरने को तैयार नहीं हुआ। करीब 4 घंटे बाद परिजनों ने उसकी पसंद की लड़की से शादी कराने पर सहमति जताई, जिसके बाद युवक खुद ही टावर से नीचे उतर आया।

प्रेम प्रसंग से युवती ने किया इनकार

युवक का गांव की ही एक युवती के साथ कथित प्रेम संबंध था। युवक पहले भी परिवार के सामने उससे शादी करने की जिद कर चुका था। हालांकि, युवती ने युवक के साथ प्रेम प्रसंग होने से इनकार कर दिया था। जिससे नाराज होकर युवक टावर पर चढ़ गया।

घटना के दौरान टावर के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

टावर से उतरते ही हुआ गिरफ्तार, भेजा गया जेल

इस मामले में लुंड्रा थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने बताया कि, युवती ने युवक के खिलाफ थाने में बेवजह परेशान करने और छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने युवक को टावर से उतरने के बाद गिरफ्तार कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

Exit mobile version