मुंगेली जिले के लोरमी इलाके में सड़क हादसों का सिलसिला जारी

Chhattisgarh Crimesमुंगेली जिले के लोरमी इलाके में सड़क हादसों का सिलसिला जारी है। डिंडोल गांव में एक हाइवा की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार 35 वर्षीय कुंज बिहारी राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना तब हुई जब कुंज बिहारी अपने ससुराल से घर लौट रहे थे।

पुलिस के अनुसार, हाइवा चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए युवक को कुचल दिया। कुंज बिहारी के सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं, जिससे उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर फरार हो गया था, लेकिन बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पिछले 10 दिनों में लोरमी क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं में यह चौथी मौत है। लगातार हो रहे हादसों के कारण स्थानीय लोगों में यातायात पुलिस और प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है।

Exit mobile version