बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र में एक ज्वेलरी दुकान में 10 लाख की चोरी हो गई है। मुख्य बाजार स्थित सराफा दुकान से अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात पार कर दिए। चोर देर रात दुकान के पीछे या साइड की दीवार में सेंध लगाकर अंदर घुसे।
इसके बाद उन्होंने दुकान में रखे कीमती सोने-चांदी के आभूषणों को समेटा और मौके से फरार हो गए। चोरी के तरीके से यह अनुमान लगाया जा रहा है कि चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले दुकान की रेकी की थी।
दुकान खोला तो सामान बिखरे मिले
चोरी का खुलासा तब हुआ, जब सुबह दुकान संचालक दुकान खोलने पहुंचे। उन्होंने देखा कि दुकान के अंदर सामान बिखरा हुआ है और दीवार में सेंधमारी के निशान स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और फॉरेंसिक टीम की मदद से महत्वपूर्ण सबूत जुटाने का काम भी जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाएगा।