सरगुजा जिले के मैनपाट के मूसाखोल नर्सरी में मंगलवार रात जंगली जानवरों के शिकार के लिए बिछाए गए करंट तार की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। युवक को बचाने के दौरान उसका साला भी झुलस गया। पुलिस ने बुधवार सुबह शव बरामद किया। मौके से जीआई तार भी जब्त किए गए हैं। मामला कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, मुर्ताडांड निवासी मिश्रा यादव (37) अपने साले और दो ग्रामीणों के साथ लकड़ी चोरी करने मूसाखोल के सागौन नर्सरी में गया था। रात करीब 10 बजे मिश्रा यादव जंगल में बिछाए गए तरंगित तार की चपेट में आ गया।
करंट लगते ही वह गिर गया और छटपटाने लगा। उसके साले ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन करंट लगने से उसे जोर का झटका लगा। मिश्रा यादव की मौके पर मौत हो गई।
हाई वोल्टेज लाइन से जोड़ा गया था तार
घटना के बाद मिश्रा यादव के साथ गए तीनों युवक वापस आ गए और जानकारी कमलेश्वरपुर थाने को दी गई। बुधवार सुबह थाना प्रभारी मनोज प्रजापति की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मेन लाइन की सप्लाई कटवाकर शव को बरामद किया।
पुलिस ने जंगल में हाई वोल्टेज तार से जोड़कर शिकार के लिए फैलाए गए जीआई तार को भी जब्त किया है। तार में फंसकर एक सियार की भी मौत हो गई थी। सियार के शव को वनकर्मियों को सौंप दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि, जंगली जानवरों के शिकार के लिए जीआई तार फैलाकर तार को 11 हजार केवी की सप्लाई लाइन से जोड़ा गया था। इससे तार की संपर्क में आते ही मिश्रा यादव को बिजली का झटका लगा और उसकी तत्काल मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
करंट फैलाने वालों की तलाश
मिश्रा यादव पेशे से ड्राइवर था। वह अपना नया घर बनवा रहा था। घर के लिए लकड़ी लेने के इरादे से ही वे सागौन नर्सरी में घुसा था और हादसा हो गया। पुलिस ने मामले में गैर इरादतन हत्या का अपराध दर्ज किया है। पुलिस करंट फैलाने वालों की तलाश कर रही है।
जहां हादसा हुआ, वहां से पहले से जंगली सूअर और अन्य जानवरों का आना-जाना होता है। माना जा रहा है कि जंगली सूअर के शिकार के लिए ही करंट फैलाया गया था।