
दरअसल, हादसा बालोद थाना क्षेत्र के बालोद-दुर्ग मुख्य मार्ग पर मंगलवार शाम करीब 7 बजे हुआ। टेकापार निवासी बुधराम चेलक (63) अपनी नातिन सारिका चेलक (13) और पड़ोसी कृष्णा राम (37) के साथ उसकी स्कूटी से च्वाइस सेंटर में पैसे निकालने पड़कीभाट जा रहे थे।
इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी चला रहे कृष्णा राम की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने तुरंत एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए राजनांदगांव रेफर किया गया।
नाना-नातिन गंभीर, दोनों के पैर फ्रैक्चर
डॉक्टरों के अनुसार नाना और नातिन की हालत नाजुक बनी हुई है। दोनों के पैरों में फ्रैक्चर की आशंका है। हादसे के बाद बच्ची कुछ समय तक बेहोश रही, जबकि नाना के सिर में भी चोट आई है। बेहतर इलाज के लिए दोनों को रेफर कर दिया गया है।
छात्रा के पिता नहीं, नाना के घर रहती है
हादसे के बाद छात्रा की मां रेणुका चेलक बेसुध हो गईं। सूचना मिलते ही वह घर से दौड़ते हुए घटनास्थल पहुंचीं और लोगों से अपनी बेटी को बचाने की गुहार लगाने लगीं।
रेणुका ने बताया कि उनके पिता अशोक चेलक के निधन के बाद से वह टेकापार में अपने मायके में ही रह रही हैं। बच्ची घर के पास बैठी थी, तभी वह घूमने के लिए स्कूटी में बैठकर चली गई। करीब आधे घंटे बाद हादसे की खबर मिली।
जिला अस्पताल में रेणुका अपनी बेटी को लेकर रोते हुए डॉक्टरों से बार-बार कहती रहीं कि उसकी परीक्षा शुरू होने वाली है। उसे बचा लिया जाए। इस दौरान डॉक्टरों ने उन्हें ढांढस बंधाते हुए बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया।
पीएम के बाद शव सौंपेंगे, अज्ञात वाहन की तलाश जारी
बालोद टीआई शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। स्कूटी जब्त कर ली गई है, वहीं अज्ञात वाहन की तलाश जारी है। रात में शव को मर्च्युरी में रखवाया गया है। बुधवार सुबह 11 बजे पोस्टमार्टम किया जाएगा। जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।