छत्तीसगढ़ के एमसीबी में विकास कार्यों का भुगतान लंबित होने से नाराज एक सरपंच पति ने जनपद सीईओ अजय राठौर के साथ हाथापाई और गाली-गलौज की

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के एमसीबी में विकास कार्यों का भुगतान लंबित होने से नाराज एक सरपंच पति ने जनपद सीईओ अजय राठौर के साथ हाथापाई और गाली-गलौज की। सरपंच पति ने सीईओ का कॉलर पकड़कर उन्हें कार्यालय से बाहर तक खींचा। इसके बाद खुलेआम धमकी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर भुगतान नहीं हुआ, तो वह जूते से पीटेगा।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह मामला जनपद पंचायत भरतपुर का है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत के विकास कार्यों की राशि का भुगतान लंबे समय से लंबित था। इसी से नाराज होकर सरपंच पति बृजभूषण सिंह जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचे और सीईओ अजय राठौर से भुगतान को लेकर तीखी बहस करने लगा।

सरपंच पति ने सीईओ का कॉलर पकड़ा, धमकी दी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर सरपंच पति ने सीईओ का कॉलर पकड़ा, उन्हें कार्यालय से बाहर खींचा और गाली-गलौज की। उसने खुलेआम धमकी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर भुगतान नहीं हुआ, इसका अंजाम अच्छा नहीं होगा। वह जूते से मारपीट करेगा।

घटना के समय कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों में हड़कंप मच गया। किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला गया।

हालांकि, इस मामले में अब तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। प्रशासन द्वारा इस मामले में आगे की कार्रवाई का इंतजार है।