कांकेर पुलिस ने चार साल पुराने एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली

Chhattisgarh Crimesकांकेर पुलिस ने चार साल पुराने एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। यह घटना ताड़ोकी थाना क्षेत्र की थी, और इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला 13 जुलाई 2022 का है।

ग्राम सरंडी निवासी संतोष कुमार नेताम ने अपने परिजन सखराम नेताम के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में सखराम का शव मिला, और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि मृतक सखराम नेताम ने अपनी पहली पत्नी की मानसिक स्थिति खराब होने के कारण दूसरी शादी कर ली थी। इसी बात को लेकर आरोपी संतोष कुमार नेताम के मन में रंजिश थी। इस मुद्दे पर सामाजिक बैठक में भी विवाद हुआ था।

गला दबाकर हत्या की

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने योजना बना कर मृतक को बुलाया। विवाद बढ़ने पर उन्होंने सखराम का गला दबाकर हत्या कर दी। सबूत मिटाने के लिए शव को ठिकाने लगा दिया गया था।

कांकेर पुलिस ने इस अंधे कत्ल को सुलझाने के लिए एक विशेष टीम गठित की। लगातार मंत्रणा और पूछताछ के बाद 23 मार्च 2026 को तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में संतोष कुमार नेताम (39), राजू उर्फ बिसा नेताम (42) और अंकित नेताम (34) शामिल हैं। इन तीनों को 24 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।