
इस मामले में पुलिस ने पिकअप वाहन के ड्राइवर और कंडक्टर को पकड़ लिया है। आरोपियों के नाम गिनेश्वर प्रसाद साहू (32) और लादू राम (29) बताए जा रहे हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
खरोरा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम चिचोली स्थित शान-ए-पंजाब ढाबे के सामने एक सफेद रंग की पिकअप (CG 04 QK 6282) में भारी मात्रा में गैस सिलेंडर भरे हुए हैं और आरोपी ग्राहक की तलाश कर रहे हैं।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, जहां पिकअप में ‘श्री छत्तीसगढ़ गैस’ के भरे और खाली सिलेंडर मिले। पुलिस ने आरोपियों से 45 सिलेंडर जब्त किए। आरोपियों से जब्त सामान की कीमत 10 लाख 74 हजार बताई जा रही है।
मालिक के निर्देश पर बेचते थे सिलेंडर
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मालिक भूपेश्वर प्रसाद साहू के निर्देश पर काम कर रहे थे। सिलेंडर के परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं करने पर पुलिस ने धारा-106 BNSS के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने जब्त सिलेंडर और आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए खाद्य निरीक्षक शुभा गुप्ता को सौंप दिया है।