
वहीं, श्मशान घाट के पास पुलिस ने दबिश देकर एक महिला तस्कर को भी रंगे हाथों पकड़ा है। आरोपी महिला का नाम मंशा पांडेय बताया गया है। महिला के निशानदेही पर पुलिस ने वहां से गांजा भी बरामद किया।
कोतवाली पुलिस के अनुसार नेहरू नगर-नरैय्या तालाब क्षेत्र में संचालित हो रहे हाईटेक गांजा नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने मनीष वर्मा (30) उर्फ बिरजू को दबोच लिया है।
मनीष इस गिरोह के सरगना मुकेश बनिया का सबसे करीबी माना जाता है। मनीष ही वह शख्स था जो गांजा तस्करी के लिए किराए पर मकान (हाइडआउट) लेने और पूरे तकनीकी नेटवर्क को मैनेज करने का काम करता था।
इस गिरोह ने अपने ठिकाने पर CCTV कैमरे, मोशन सेंसर और वाई-फाई राउटर लगा रखे थे ताकि पुलिस की आहट मिलते ही अलर्ट हो सकें। इस मामले में अब तक अब्दुल जाफर, सुनील जगत और सरगना मुकेश बनिया समेत 5 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।
श्मशान घाट में गांजा बेच रही थी महिला
कोतवाली पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में मरवाही श्मशान घाट के पास घेराबंदी कर मंशा पांडेय (23) को गिरफ्तार किया है। महिला के पास से छोटे-छोटे पैकेटों में भरा 2 किलो 408 ग्राम गांजा जब्त किया गया है।
आरोपी महिला स्थानीय स्तर पर नशेड़ियों को पुड़िया बनाकर गांजा सप्लाई करती थी। पुलिस अब उसके मुख्य सप्लायर की तलाश कर रही है।