
रामनवमी की शाम 60 से अधिक सर्व हिंदू समाज सामाजिक और राजनीतिक संस्था से जुड़े लोग झांकी निकालते हुए एकता की मिसाल कायम करेंगे। वहीं छत्तीसगढ़ समेत पूरे भारत से आमंत्रित कलाकारों की टीम रामनवमी शोभायात्रा की शोभा बढ़ाएंगे।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि रामनवमी शोभायात्रा 2014 से शुरू हुआ था। 54 समाज के लोगों की सहभागिता से इस साल 60 से अधिक बिरादरी और संस्था के प्रतिनिधि शोभायात्रा में शामिल होकर इतिहास रचेंगे।
शहर के जिस चौक-चौराहे से शोभायात्रा निकलेगी, वहां लाइटिंग और तोरण की विशेष व्यवस्था से पूरा शहर राममय हो गया है। शोभायात्रा में प्रशासन की पहल से शहर में 3 से 4 जगह एम्बुलेंस की भी व्यवस्था रहेगी, जिसमें डॉक्टर्स और चिकित्सा दल मौजूद रहते हुए आपातकालीन समय में मोर्चा संभालेंगे।साथ ही नगर निगम की टीम शोभायात्रा के पीछे सफाई व्यवस्था संभालेगी। वहीं शोभायात्रा का समापन रामलीला मैदान में किया जाएगा, जिसके बाद रामभक्तो के लिए विशाल भंडारा और श्री राम जी की आरती कर शोभा यात्रा का समापन किया जाएगा।
ये रहेंगे आकर्षण का केंद्र
समिति के सदस्यों ने बताया कि रामनवमी शोभायात्रा में पंजाब पाइप बैंड, काला हांडी कटप्पा, सुआ नृत्य, पंथी नृत्य, कोलकाता के कार्टून आकर्षण का केन्द्र होंगे। इसके अलावा आदिवासी नृत्य समेत दर्जनभर ऐसे कार्यक्रम होंगे, जो लोगों को न केवल मनोरंजन करेंगे, बल्कि रोमांचक अखाड़ेबाजी का नजारा भी सड़कों पर दिखेगा।
चप्पे-चप्पे पर रहेगा पुलिस का पहरा
शहर के नटवर स्कूल मैदान से निकलकर रामलीला मैदान में समापन तक शोभायात्रा जिन सड़कों पर निकलेगी, वहां और आसपास इलाके में सुबह से लेकर रात तक न केवल पुलिस का पहरा रहेगा।
साथ ही जिला और पुलिस प्रशासन के कर्मचारी से लेकर जिम्मेदार अफसर भी मॉनिटरिंग कर शांति व्यवस्था बहाली के लिए सक्रिय रहेंगे। समिति के कार्यकर्ता भी सभी गतिविधियों पर मॉनिटरिंग करेंगे।
शोभायात्रा रूट चार्ट
शोभायात्रा नटवर स्कूल मैदान से प्रारंभ होगी। इसके बाद गांधी प्रतिमा तिराहा, एमजी रोड, रामनिवास टाकिज चौक, सिल्वर पैलेस तिराहा, गौरीशंकर मंदिर, न्यू मार्केट तिराहा, सुभाष चौक, गद्दी चौक, कोष्टापारा तिराहा, चांदनी चौक, गांजा चौक, हटरी चौक, सिटी कोतवाली, हण्डी चौक, घड़ी चौक होते हुए रामलीला मैदान में समापन होगा।
पार्किंग पाइंट
1. पुराना पुलिस लाइन 2. मिनी माता चौक 3. मरीन ड्राइव पम्प हाउस तक
डायवर्सन पाइंट
1. केवड़ाबाड़ी चौक 2. शहीद चौक 3. गोगाराइस मिल 4. सत्तीगुढ़ी चौक
चार पहिया वाहन प्रतिबंधित
गांधी प्रतिमा हण्डी चौक सारंगढ़ चौक (अग्रसेन चौक) झाराशिल्प
गोगा राइस मिल
चार पहिया और दो पहिया आवागमन मार्ग
1. किरोड़ीमल चौक की ओर से आने वाली यातायात शोभायात्रा प्रारंभ होने के 2 घंटे पहले केवड़ाबाड़ी चौक से मधुबनपारा मार्ग से सर्किट हाउस और मरीन ड्राइव का उपयोग कर नया शनिमंदिर, डिसेंट टेलर तिराहा होकर गंतव्य को जा सकते हैं।
2. जूटमिल की ओर से आने वाली यातायात डिसेंट टेलर तिराहा से नया शनिमंदिर से मरीन ड्राइव होते हुए, सर्किट हाउस, रामपुर तिराहा से मधुबनपारा होते हुए केवडाबाड़ी से अपने गंतव्य की ओर जा सकते हैं।