
मामला स्मृति नगर चौकी इलाके का है। सुसाइड नोट में लिखा है कि, राजू पाल और सोनिया गोस्वामी सट्टा चलाते हैं। वो मुझे धमकी दे रहे हैं कि, एक लाख रुपए दो नहीं तो पुलिस में फंसा देंगे और जेल भिजवा देंगे। मुझे ब्लैकमेल कर रहे हैं। मेरी मौत को नजर अंदाज न करें, पुलिस इन्हें कड़ी सजा दे
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, मोहन रामटेक (42) पिछले करीब 3 महीने से हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। पेंटिंग का काम करता था। शनिवार (28 मार्च) को उसकी मां का भिलाई के एक अस्पताल में ऑपरेशन होना था। जिस कारण परिवार के सभी लोग रात से अस्पताल में थे। घर पर कोई मौजूद नहीं था। मोहन अकेले था।
जब 28 मार्च की सुबह पत्नी घर पहुंची, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। उसने मकान मालिक को जानकारी दी। पड़ोसियों की मदद से किसी तरह दरवाजा खोला गया, तो अंदर मोहन की लाश पड़ी थी। मकान मालिक ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
मौके से मिला सुसाइड नोट
घटना की सूचना मिलते ही स्मृति नगर चौकी, सुपेला थाना पुलिस, एडिशनल एसपी सिटी सुखनंदन राठौर और सीएसपी भिलाई नगर मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और सुसाइड नोट को जांच के लिए जब्त किया है।