दुर्ग पुलिस ने पंजाब से भिलाई-दुर्ग में ड्रग्स सप्लाई करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ कर 3 तस्करों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesदुर्ग पुलिस ने पंजाब से भिलाई-दुर्ग में ड्रग्स सप्लाई करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ कर 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के पास से 43 ग्राम से ज्यादा हेरोइन जब्त की गई है, जिसकी बाजार में कीमत करीब 8 लाख 65 हजार रुपए आंकी गई है।

पकड़े गए आरोपियों में मुख्य सप्लायर पंजाब के अमृतसर का रहने वाला है, जो दुर्ग में रहकर नशे का नेटवर्क चला रहा था। जब पुलिस ने पकड़े गए तीनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की तो नशे की इस पूरी चेन का खुलासा हुआ।

इस गैंग का मुख्य सरगना 26 साल का विजय सिंह निकला। विजय सिंह मूल रूप से पंजाब के अमृतसर जिले के कलसिया थाने के कलेर गुमान इलाके का रहने वाला है। वह पिछले कुछ समय से खुर्सीपार के एचसीएल कॉलोनी इलाके में रह रहा था। विजय ही वह कड़ी था, जो पंजाब से ड्रग्स लाकर दुर्ग-भिलाई के लोकल युवाओं को सप्लाई करता था।

विजय के साथ पकड़े गए बाकी दो आरोपी दुर्ग जिले के ही हैं। इनमें से एक 26 साल का मीर नौशाद अली है, जो वैशाली नगर के जवाहर नगर का रहने वाला है। वहीं तीसरा आरोपी 23 साल का सुरेंद्र क्षत्रिय है, जो वह भी जवाहर नगर इलाके के मुंबई आवास में रहता है। ये दोनों विजय से माल लेकर आगे पुड़िया बनाकर बेचते थे।

सुलभ शौचालय के पास खोज रहे थे ग्राहक

दुर्ग पुलिस ने बताया कि रविवार 29 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खुर्सीपार इलाके के मिनी स्टेडियम के पास बने सुलभ शौचालय के करीब कुछ लोग संदिग्ध हालत में खड़े हैं और उनके पास ड्रग्स है। वे किसी ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं ताकि ड्रग्स की पुड़िया बेच सकें।

सूचना मिलते ही खुर्सीपार पुलिस की टीम मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर मिनी स्टेडियम के पास से तीन युवकों को धर दबोचा। जब पुलिस ने उनकी तलाशी ली तो उनके पास से सफेद रंग का पाउडर मिला, जो जांच करने पर हेरोइन निकला। पुलिस ने तुरंत तीनों को गिरफ्तार कर लिया और थाने ले आई।

आरोपियों के पास से क्या-क्या मिला

पुलिस ने इन तस्करों के पास से कुल 43.14 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इस ड्रग्स की कीमत 8 लाख 65 हजार 800 रुपए बताई गई है। इसके अलावा इनके पास से नशीला पदार्थ बेचकर कमाए गए 3 हजार 640 रुपए नकद भी मिले हैं।

आरोपियों के पास से 5 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 24 हजार 500 रुपए है। इस तरह पुलिस ने कुल 8 लाख 90 हजार 940 रुपए का माल जब्त किया है।

तीनों आरोपी भेजे गए जेल

दुर्ग पुलिस ने इन तीनों आरोपियों के खिलाफ नशीली दवाओं की रोकथाम करने वाले कानून यानी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों को अदालत के सामने पेश किया गया, जहां से जज ने उन्हें जेल भेज दिया है।

अब पुलिस इनके जब्त किए गए मोबाइल फोन खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शहर में और कितने लोग इस पंजाब वाले नेटवर्क से जुड़े हुए हैं।