
एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि रविवार को ग्राम सेलर के बरभाठा स्थित पानी टंकी की सीढ़ी में युवक की लाश पड़ी थी, जिसकी पहचान लोगों ने राजू धुरी (32) के रूप में की। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
जांच के दौरान युवक के सिर पर किसी भारी वस्तु से चोंट के निशान मिले। लिहाजा, हत्या की आशंका जताते हुए लोगों से पूछताछ की। इसके साथ ही शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
टंकी की सीढ़ी पर सोता था आरोपी
शार्ट पीएम रिपोर्ट में युवक की हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस ने लोगों से पूछताछ की, तब पता चला कि संदेही अनिल केंवट (40) पिता रामकुमार केंवट पानी टंकी के ऊपर रेलिंग में सोता था। इस पर पुलिस ने अनिल को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
उसने बताया कि रात करीब 9 बजे वो खाना खाने के बाद टंकी की रेलिंग पर सोने पहुंचा, तो वहां राजू धुरी सो गया था, जिसे उसने जाने के लिए बोला और अपनी जगह सोने के लिए मना किया।
लाठी से पीट-पीटकर मार डाला
इस दौरान दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। तभी अनिल ने राजू धुरी पर बांस के डंडे से हमला किया और उसने अपने पास रखे बांस के डंडे से उसके सिर पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी युवक के अपराध स्वीकार करने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।