छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में रेप पीड़िता ने जमानत पर रिहा हुए आरोपी और उसके साथी पर केस वापस लेने के लिए धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने महिला थाने में केस दर्ज कराई है।मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पीड़िता के अनुसार, उसने 3 फरवरी 2026 को महिला थाने में बादल सिंह राजपूत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अक्टूबर 2022 से जनवरी 2026 तक आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया और उसका आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी को बाद में जमानत मिल गई और वह जेल से बाहर आ गया। 18 मार्च 2026 को उसे यह कहकर बुलाया गया कि कोर्ट में उसका बयान होना है। जब वह कोर्ट परिसर पहुंची, तब वहां अनमोल अग्रवाल, आरोपी के पिता और अन्य लोग मौजूद थे।
पीड़िता का आरोप है कि, अनमोल अग्रवाल ने उससे कहा कि आरोपी की जमानत हो चुकी है, इसलिए पैसे लेकर केस वापस ले लो, नहीं तो केस हार जाओगी।
मंदिर में दी जान से मारने की धमकी
पीड़िता ने बताया कि, 19 मार्च 2026 को वह घर के पास मंदिर दर्शन के लिए गई थी। उसी दौरान मंदिर परिसर में आरोपी बादल सिंह राजपूत और उसके कुछ साथी मौजूद थे। आरोपी ने उसे धमकाते हुए कहा कि वह जमानत पर बाहर आ चुका है। यदि उसने केस वापस नहीं लिया तो उसे जान से मरवा दिया जाएगा।
फोन कर भी बनाया दबाव
पीड़िता के अनुसार, उसी दिन शाम को आरोपी ने मोबाइल पर कॉल भी किया, लेकिन डर के कारण उसने फोन नहीं उठाया। उसने अपने आवेदन में बताया कि आरोपी बादल सिंह राजपूत और अनमोल अग्रवाल लगातार उसे डरा-धमकाकर केस वापस लेने का दबाव बना रहे हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी बादल सिंह राजपूत थाना कोतवाली की गुंडा-बदमाश सूची में भी शामिल है।
दोनों आरोपी फरार, पुलिस तलाश में
महिला थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(3), 232(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है। साथ ही आरोपी बादल सिंह राजपूत की जमानत निरस्त कराने के लिए न्यायालय में प्रतिवेदन भेजने की तैयारी भी की जा रही है।
SSP ने दी सख्त चेतावनी
रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि, किसी भी केस के पीड़ित या गवाहों को डराने-धमकाने और न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आरोपी बादल सिंह राजपूत और अनमोल अग्रवाल को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।