कोरबा के ढोढ़ीपारा में मालगाड़ी से कोयला चोरी करते समय एक नाबालिग करंट की चपेट में आ गया, उसे गंभीर हालत में जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया

Chhattisgarh Crimesकोरबा के ढोढ़ीपारा में मालगाड़ी से कोयला चोरी करते समय एक नाबालिग करंट की चपेट में आ गया, उसे गंभीर हालत में जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। मालगाड़ी से कोयला चोरी करते समय करंट लगने की यह 24 घंटे के भीतर दूसरी घटना है।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर को 14 वर्षीय नाबालिग अपने दोस्तों के साथ ढोढ़ीपारा बस्ती के सामने बालको रेलवे ट्रैक मालगाड़ी से कोयला चोरी करने की कोशिश कर रहा था, तभी वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।

बताया जा रहा है कि उन्होंने चलती मालगाड़ी का हाउस पाइप निकाला, जिससे ट्रेन धीमी होकर रुक गई। पीयूष कोयला चोरी करने के लिए मालगाड़ी के डिब्बे पर चढ़ा, तभी वह ऊपर से गुजर रहे इलेक्ट्रिक तार की चपेट में आ गया।

झुलसकर डिब्बे पर ही गिरा नाबालिग

करंट लगने से वह झुलसकर डिब्बे पर ही गिर गया। उसके दोस्तों ने तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी, जिन्होंने पीयूष को डिब्बे से नीचे उतारा और एक निजी वाहन से मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि कोयले से भरी मालगाड़ी टीपी नगर से बालको पावर प्लांट की ओर जा रही थी।

मालगाड़ी से कोयला चोरी करते समय करंट लगने की यह 24 घंटे के भीतर दूसरी घटना है। इससे पहले रविवार दोपहर उरगा थाना क्षेत्र के पहंदा के पास भी ऐसी ही एक घटना सामने आई थी, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसे रेफर किया गया था।