मुंगेली के रहने वाले रिटायर्ड लेखा अधिकारी का शव रविवार को कवर्धा के जंगलों से बरामद किया गया है, जो 21 मार्च से लापता थे। हत्या के बाद उनके शव को दफनाया दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने 6 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मामला कवर्धा के पंडरिया थाना क्षेत्र का है। रिटायर्ड लेखा अधिकारी का नाम दामोदर सिंह (62) है, जो रिटायर के बाद मुंगेली में किराए के मकान में रह रहे थे। 21 मार्च को वे अपने पैतृक गांव झाफल में जंवारा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुंगेली से निकले थे, लेकिन घर नहीं पहुंचे।
अगले दिन परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इस दौरान ग्राम बंधवा के पास उनकी बाइक लावारिस हालत में मिली, जिसके बाद परिजनों फौरन लालपुर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अलग-अलग टीमें गठित की गई।
संदिग्धों के निशानदेही पर शव बरामद
8 दिन बाद यानी 28 मार्च को पुलिस ने संजय यादव सहित पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनके निशानदेही पर 29 मार्च को लालपुर और पंडरिया पुलिस ने देवसरा के जंगल में बांध के पास जमीन में दफन शव बरामद किया।
जमीन लेनदेन बताई जा रही हत्या की वजह
शव सड़ी-गली अवस्था में था, जिसकी शिनाख्त लेखा अधिकारी के पत्नी और बेटा-बेटी ने दामोदर सिंह राजपूत के रूप में की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला जमीन के लेनदेन से संबंधित बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस संदिग्धों से पूछताछ में जुटी हुई है।