खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के रहने वाले 14 वर्षीय छात्रा की लाश मंगलवार को बिलासपुर में रेलवे ट्रैक पर मिली, जो 28 मार्च की रात से लापता थी। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी। सभी पहलुओं पर जांच जारी है।
जानकारी के मुताबिक छात्रा की पहचान चिचोला के रहने वाली देविका वर्मा के रूप में हुई है, उसकी लाश मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम किसान परसदा स्थित रेलवे ट्रैक पर मिली है। देविका के पिता शैलेंद्र वर्मा स्थानीय हाई स्कूल में स्वीपर का काम करते हैं, जबकि मां आंगनबाड़ी में रसोइया है।
थाने में गुमशुदगी की दर्ज कराई थी
परिजनों ने बताया कि देविका 28 मार्च की रात करीब 10:30 बजे से घर से लापता हो गई थी। इसके बाद 29 मार्च को दोपहर करीब 12 बजे खैरागढ़ थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। इसी दौरान, 29 मार्च को ही बिलासपुर के मस्तूरी थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास एक अज्ञात किशोरी का शव बरामद हुआ था।
पुलिस ने दर्ज की FIR
31 मार्च को परिजनों की ओर से पहचान किए जाने के बाद पुष्टि हुई कि शव देविका वर्मा का ही है। इसके बाद खैरागढ़ पुलिस परिजनों को लेकर बिलासपुर पहुंची और आगे की प्रक्रिया पूरी की गई।पुलिस का कहना है कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों का जल्द खुलासा किया जाएगा। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला हादसे का है या फिर इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।