बिलासपुर जिले के रतनपुर क्षेत्र में बदमाशों ने जमकर आतंक मचाया। पहले कोटा-रतनपुर मार्ग पर लखनी देवी मंदिर के पास बाइक चलाने को लेकर हुए विवाद में बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक की पीठ में गंभीर चोट आई है।
वहीं, रात में हमलावरों ने चलती कार में पथराव कर दिया, जिससे कार के सामने बैठी युवती बुरी तरह से घायल हो गई। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दरअसल, कोटा के श्रीपारा निवासी अजय ध्रुव अपने दोस्त राहुल सिदार और रोहित धुर्वे के साथ रतनपुर के पास ग्राम घासीपुर में शादी समारोह में शामिल होने गया था, जहां से वो दोस्तों के साथ लौट रहा था। लखनीदेवी मंदिर से कुछ दूरी पहले सामने से आ रही दूसरी बाइक पर सवार 4 युवकों ने उनकी बाइक को खतरनाक तरीके से कट मार दिया।
जब पीड़ित युवकों ने उन्हें समझाते हुए कहा कि, कैसे बाइक चला रहे हो, तो बात अचानक बिगड़ गई। देखते ही देखते चारों युवक गाली-गलौज पर उतर आए और फिर सड़क पर ही मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान युवकों ने चाकू से अजय पर वार कर दिए और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
घायल युवक को कोटा सीएचसी में शुरुआती इलाज कराया गया। पुलिस का कहना है कि घटना की जानकारी सोशल मीडिया से मिली है। वहीं, कोटा एसडीओपी नुपूर उपाध्याय ने बताया कि प्रार्थी की ओर से अब तक थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।
चलती कार में पत्थरबाजी, युवती गंभीर
वहीं, दूसरी घटना भी रतनपुर थाना क्षेत्र की है। रितिका सिंह अपने परिवार के साथ सोमवार की रात मध्य प्रदेश के पुष्पराजगढ़ जा रही थी। अभी उनकी कार बादल महल के पास पहुंची थी। तभी बदमाशों ने चलती कार पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले में कार सवार लोग घबरा गए, कार चालक को भी कुछ समय में नहीं आ रहा था।
तेजी के साथ हो रहे पथराव के बीच एक बड़ा सा पत्थर कार के खिड़की पर लगे कांच को तोड़ते हुए ड्राइवर के बाजू सीट पर बैठी रितिका के सिर और चेहरे पर जा लगी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी हालत को देखते हुए कार चालक ने जैसे-तैसे कार को संभाला और सीधे रतनपुर बस्ती की तरफ ले गया।
गंभीर रूप से घायल युवती को शुरुआती इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए बिलासपुर सिम्स के लिए रेफर कर दिया है। इस मामले की शिकायत पर पुलिस जांच कर रही है। साथ ही हमलावरों की तलाश कर रही है।