धमतरी में एक 26 साल की महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला के गले पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
यह घटना धमतरी जिले के मगरलोड ब्लॉक के मामला करेली बड़ी चौकी अंतर्गत हरदी गांव में हुई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सोमबाई यादव (मृतिका) की मौत सीने में दर्द के कारण हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही होगा मौत का खुलासा
पुलिस ने शुरूआती जांच में पाया कि मृतका के गले पर चोट के निशान थे। इन निशानों के कारण पुलिस मौत को संदिग्ध मान रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा कि यह हत्या है या कोई अन्य वजह।
एडिशनल एसपी शैलेंद्र पांडे ने बताया कि करेली बड़ी चौकी को हरदी गांव में सोमबाई यादव (26) की आकस्मिक मृत्यु की सूचना मिली थी, जिसमें सीने में दर्द को मौत का कारण बताया गया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने पुष्टि की कि महिला के गले में निशान मिले हैं और पीएम रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
इस मामले में करेली बड़ी चौकी प्रभारी ने मृतका का फोटो उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया कि बड़े अधिकारियों के निर्देश हैं कि मामले का खुलासा होने से पहले फोटो जारी न किया जाए।