छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया के नाम पर एक शख्स खुद को उनका करीबी बताकर अस्पताल संचालकों से पैसों की मांग कर रहा

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया के नाम पर एक शख्स खुद को उनका करीबी बताकर अस्पताल संचालकों से पैसों की मांग कर रहा है। मामला बढ़ने पर सचिव ने पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला को लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की बात कही है।

आरोपी सीधे अस्पताल संचालकों को फोन करता और खुद को “अजय अग्रवाल” बताता है। वह कहता है कि “आपके अस्पताल के खिलाफ मंत्रालय में शिकायत आई है।” इसके बाद वह कार्रवाई से बचाने या शिकायत दबाने के नाम पर मोटी रकम की मांग करता है।ठग केवल फोन तक ही सीमित नहीं रहता था। वह अस्पताल संचालकों को मंत्रालय तक बुलाता था। जब डॉक्टर वहां पहुंचते, तो उन्हें गेट पर ही रुकने के लिए कहा जाता। अंदर एंट्री नहीं दिलाई जाती, बल्कि यह कहा जाता कि “अभी साहब मीटिंग में हैं।” इस तरीके से वह यह भरोसा दिलाता था कि उसका मंत्रालय में सीधा संपर्क है।

कई बड़े अस्पतालों को बनाया निशाना

मामले में प्रदेश के कई नामी अस्पतालों के नाम सामने आए हैं…

  • ए.एम. हॉस्पिटल, चरौदा (भिलाई)
  • गंगोत्री अस्पताल, दुर्ग
  • एस.आर. हॉस्पिटल, भिलाई
  • आर.बी. हॉस्पिटल, बिलासपुर
  • हाईटेक हॉस्पिटल

इन अस्पतालों के संचालकों ने अलग-अलग समय पर इस तरह के कॉल और दबाव की जानकारी दी।

जांच में खुला मामला

शुरुआती जांच में सामने आया है कि स्वास्थ्य विभाग या सचिवालय में “अजय अग्रवाल” नाम का कोई व्यक्ति पदस्थ नहीं है। यानी आरोपी पूरी तरह फर्जी पहचान के जरिए इस ठगी को अंजाम दे रहा था।

सचिव ने पुलिस को लिखा पत्र

इस मामले में स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया ने रायपुर पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर तत्काल एफआईआर दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने साफ कहा है कि यह उनकी और विभाग की छवि खराब करने की साजिश है।

विभाग ने जारी किया अलर्ट

घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों और संस्थानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। संदिग्ध कॉल आने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने को कहा गया है।

Exit mobile version