छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एक युवती के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। युवती रात में राशन लेने के लिए रुकी थी, तभी दो युवकों ने उसके बाल खींचकर उसके साथ बदसलूकी की। घटना के बाद युवती ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, 20 वर्षीय युवती रायगढ़ में किराए के मकान में रहकर सेल्स गर्ल के रूप में काम करती है। युवती ने महिला थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि, ड्यूटी खत्म होने के बाद वह अपने एक परिचित के साथ बाइक से घर लौट रही थी। रास्ते में देवांगन धर्मशाला के पास रात करीब 10 बजे वह राशन लेने के लिए रुकी।
बाल खींचकर की बदसलूकी
इसी दौरान बाटली खान अपने साथी प्रशांत सोनी के साथ वहां पहुंचा। दोनों युवकों ने युवती को घूरना शुरू किया और उसके बाल खींचकर बुरी नीयत से छेड़छाड़ करने लगे। युवती ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उससे बहस और विवाद करना शुरू कर दिया।
लोगों ने किया बीच-बचाव
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव किया। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
एक आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद युवती अस्वस्थ होने के कारण अपने गांव चली गई थी। रायगढ़ लौटने पर उसने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रशांत सोनी (24) निवासी चांदनी चौक को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
दूसरे आरोपी की तलाश जारी
पूछताछ में प्रशांत सोनी ने अपने साथी बाटली खान के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया है। वहीं फरार आरोपी बाटली खान की तलाश जारी है।