धमतरी में आमदी रोड स्थित कोयला भट्टी के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें दो युवक हादसे का शिकार हो गए

Chhattisgarh Crimesधमतरी में आमदी रोड स्थित कोयला भट्टी के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें दो युवक हादसे का शिकार हो गए। मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

यह घटना तब हुई जब बनबगौद निवासी नीलेश ध्रुव और बलिडेरा निवासी हरीश कुमार अपनी बाइक (क्रमांक CG05 AQ 7223) से आमदी की ओर से धमतरी आ रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों युवक तेज रफ्तार में थे। कोयला भट्ठा के पास स्थित खतरनाक मोड़ पर चालक बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका।

अनियंत्रित बाइक सीधे सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वरदान परामर्श सेवा समिति के शिवा प्रधान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। दोनों घायलों को तत्काल वरदान एम्बुलेंस से जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद नीलेश ध्रुव को मृत घोषित कर दिया।

दूसरे युवक की हालत गंभीर

वहीं, दूसरे युवक हरीश कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, घायल को गंभीर चोटें आई हैं और उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। हादसे की सूचना पर अर्जुनी पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और मोड़ पर संतुलन बिगड़ना ही हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।

Exit mobile version