कोरबा के रिसदी स्थित वन विभाग की पक्षी नर्सरी में गुरुवार दोपहर भीषण आग लग गई

Chhattisgarh Crimesकोरबा के रिसदी स्थित वन विभाग की पक्षी नर्सरी में गुरुवार दोपहर भीषण आग लग गई। वन विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक कई छोटे-बड़े पेड़-पौधे और जीव-जंतु इसकी चपेट में आ चुके थे।

रिसदी के पास वन विभाग ने कई एकड़ भूमि पर हजारों पेड़-पौधे लगाए हैं, जिसे स्थानीय लोग पक्षी नर्सरी के नाम से जानते हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर किसी असामाजिक तत्व ने नर्सरी में आग लगा दी। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और कई एकड़ में लगे पेड़-पौधे इसकी चपेट में आ गए।

आग लगने की सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। वन कर्मियों ने ब्लोवर मशीन की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।

आग लगने का कारण अज्ञात

आग की लपटें और काले धुएं का गुबार देखकर बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए थे। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों और परिस्थितियों का अभी पता नहीं चल पाया है। घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और जांच जारी है। इस नर्सरी में सांप, बिच्छू और विभिन्न प्रजातियों के छोटे-बड़े पक्षी निवास करते हैं। आग की चपेट में आने से इन जीव-जंतुओं पर भी गंभीर असर पड़ा है।