राजधानी रायपुर में बॉयफ्रेंड ने उसकी प्रेमिका को परेशान करने वाले युवक को मारकर जिंदा जमीन पर दफना दिया। लकड़ी से हमला करने पर युवक बेहोश हो गया था। इसी हालत में उसे माना से अभनपुर ऑटो में लेकर गए, जहां खदान में जमीन खोदकर दफन कर दिया। घटना के 5 दिन बाद उसकी लाश मिली थी।
मामला अभनपुर थाना क्षेत्र का है। मृतक पाकिस्तानी मूल का था, उसे भारतीय नागरिकता नहीं मिली थी। रायपुर में रहकर वह ठेकेदारी कर रहा था। पीएम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि मुंह और सांस नली में मिट्टी जाने से उसकी मौत हुई।
मर्डर में गर्लफ्रेंड समेत 6 आरोपी शामिल थे, पुलिस ने 5 को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी नितेश को ऑटो से 40 किलोमीटर दूर लेकर गए थे, इस बीच 4 थानों से होकर गुजरे और आसानी से युवक को जिंदा दफना दिया था।
अब पढ़े क्या है पूरा मामला
शदाणी दरबार का रहने वाला नितेश बत्रा (29) ठेकेदारी करता था। आरोपी श्याम सुंदर सोनी की माना में सब्जी दुकान है। श्याम का सावित्री साहू से अफेयर था। आरोप है कि नितेश सावित्री को परेशान करता था, उसे अक्सर फोन किया करता था।
16 मार्च की रात वह सावित्री के घर माना पहुंचा था। ठीक उसी टाइम श्याम भी पहुंचा और मेरी गर्लफ्रेंड को रोज परेशान करते हो बोलकर उसे झगड़ करने लगा।
बहस के बाद दोनों के बीच मारपीट हो गई। श्याम ने दुकान से अपने 2 कर्मचारी बुला लिए। तीनों ने मिलकर नितेश को खूब मारा। लकड़ी से सिर पर मारने से वह गंभीर घायल होकर बेहोश हो गया था। इसी अधमरे हालत में उसे ऑटो में बैठाकर ठिकाने लगाने अभनपुर ले गए और उसकी स्कूटी को बीच में पुलिया में फेंक दिए
4 थानों से होकर गुजरे, पुलिस को भनक नहीं
इस दौरान आरोपी ऑटो से 4 थानों से होकर गुजरे। मुजगहन, माना, टिकरापारा और अभनपुर थाना होते हुए 35-40 किलोमीटर सफर कर नितेश को लेकर के भरेंगाभाटा गांव पहुंचे। जहां रात के अंधेरे में ऑटो से बाहर उतारकर फिर उसे मुक्का ही मुक्का मारा और गले में गमछा फंसाकर पूरा मारने की कोशिश की।
उसके बाद परसुलीडीह और भरेंगाभाठा के बीच मुरूम खदान में ले जाकर नितेश बत्रा को दफना दिया। वारदात के बाद सब फरार हो गए थे।
सांस नली में मिट्टी भर जाने से गई थी जान
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि युवक की मौत गला दबाने और जिंदा दफनाने से हुई। सांस नली में मिट्टी भर जाने से उसकी जान गई।
5 दिन बाद लाश का पता चला
घटना के 5 दिन बाद 21 मार्च को अभनपुर के भरेंगाभाठा के पास सड़क किनारे एक मुरूम गड्ढे में ग्रामीणों ने अज्ञात शव देखा तो थाने में सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि शव का एक हाथ और पैर जमीन से बाहर निकला हुआ था। जिसके बाद कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खदान उत्खनन कर बॉडी बाहर निकाली गई।
पहचान के बाद जांच में जुटी पुलिस
जांच के दौरान मृतक की पहचान माना थाना में दर्ज गुमशुदगी के आधार पर नितेश बत्रा (29) के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले की तह तक जाने के लिए तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद ली।
5 आरोपी गिरफ्तार, 1 की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपी श्याम सुंदर सोनी, सावित्री साहू, सुमित कोसले और 2 नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो, लकड़ी और अन्य सामान जब्त किया गया है।
घटना में शामिल पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में शामिल माइकल सैनी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और अभनपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इस अंधे कत्ल का खुलासा हुआ है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।