धमतरी जिले में अवैध रेत परिवहन करते हुए सात ट्रैक्टर जब्त किए गए

Chhattisgarh Crimesधमतरी जिले में अवैध रेत परिवहन करते हुए सात ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने विकासखंड कुरूद के ग्राम पंचायत चारभाटा (नारी) में की।

दरअसल, ग्राम पंचायत चारभाटा (नारी) से अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन की शिकायत मिली थी। इस पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरूद ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए।

निर्देशों के बाद राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने अचानक जांच अभियान चलाया। इस दौरान सात ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना वैध अनुमति के अवैध रूप से रेत का परिवहन करते पाए गए। सभी वाहनों को मौके पर ही जब्त कर कृषि उपज मंडी कुरूद की अभिरक्षा में सुरक्षित रखा गया है।

संबंधित प्रकरण में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन कलेक्टर (खनिज शाखा) को भेज दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कड़ी कार्रवाई के निर्देश

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि अवैध खनिज परिवहन पर जिला प्रशासन की शून्य सहिष्णुता की नीति है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को सतत निगरानी और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, जिससे प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण हो सके और राजस्व की हानि रोकी जा सके।