छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शीतला मंदिर के फंड और देव पंच बदलने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। बैठक में विवाद और मारपीट के बीच पूर्व सरपंच के बेटे ने उप सरपंच के भतीजे को चाकू मार दिया, इससे उसकी मौत हो गई।
मामला डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के आश्रित ग्राम जोगीभाट का है। गुरुवार की रात गांव के कला मंच में शीतला मंदिर के फंड, पूजा व्यवस्था और मंदिर प्रभार बदलने को लेकर बैठक आयोजित की गई थी।
बैठक में उप सरपंच डोमेन्द्र देशमुख, पूर्व सरपंच बेदलाल साहू, परमेश्वर देशमुख, लोकनाथ यादव, टूमन, प्रमोद देशमुख, देवेंद्र देशमुख, सत्यम, भोज कोठारी, झग्गर देशमुख, चीमन देशमुख और कोटवार टोमन साहू शामिल थे।
झगड़े को शांत कराने पहुंचा था भतीजा
मारपीट के बीच कुणाल देशमुख अपने चाचा डोमेन्द्र देशमुख के साथ हुए झगड़े को शांत करने के लिए बीच-बचाव करने आया, तभी पूर्व सरपंच बेदलाल साहू का बेटा सोहनलाल साहू कुणाल के सीने में चाकू मार दिया।
जिससे कुणाल जमीन पर गिर गया। इसके बाद ग्रामीण उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
पुलिस बोली- 5 ग्रामीण हिरासत में
एएसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि घटना में 5 ग्रामीण हिरासत में लिए गए हैं और पूछताछ जारी है। चाकू से हमला करने वाला युवक मुख्य आरोपी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में केस दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।