रायपुर में गुड फ्राइडे के अवसर पर शहर के चर्चों में प्रभु यीशु के बलिदान को याद किया गया। यह दिन सादगी और शांति के साथ मनाया गया। चर्चों को काले कपड़ों से सजाया गया और लोगों ने शांतिपूर्ण माहौल में प्रार्थना की।
सेंट जोसफ महागिरजाघर समेत कई चर्चों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। आर्चबिशप विक्टर हैनरी ठाकुर की अगुवाई में होली क्रॉस स्कूल से चर्च तक क्रूस यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस अवसर पर लोगों ने प्रभु यीशु के सात वचनों पर भी ध्यान और मनन किया।
शहर के अलग-अलग चर्चों में आराधना का आयोजन किया गया। इस दौरान बालक बेन जोशुआ और उनके भाई ने भावपूर्ण भजन प्रस्तुत किए, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावुक हो उठे। कार्यक्रम में कई पादरी और समाज के अन्य लोग भी शामिल हुए।
अब ईस्टर की तैयारियां जारी हैं। रविवार सुबह 5 बजे कब्रिस्तान में सनराइज सर्विस आयोजित की जाएगी, जबकि सुबह 9 बजे चर्च में विशेष आराधना होगी। श्रद्धालुओं में इस कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।