भिलाई-3 स्थित पार्थिवी इंजीनियरिंग मैनेजमेंट कॉलेज में चल रही जेईई मेंस की परीक्षा में एक मुन्नाभाई पकड़ाया

Chhattisgarh Crimesभिलाई-3 स्थित पार्थिवी इंजीनियरिंग मैनेजमेंट कॉलेज में चल रही जेईई मेंस की परीक्षा में एक मुन्नाभाई पकड़ाया है। छात्र अपनी चप्पल के अंदर मोबाइल छिपाकर परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की कोशिश कर रहा था। जिसे गार्ड ने पकड़ लिया। छात्र को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।

दरअसल, पार्थिवी इंजीनियरिंग कॉलेज (आईओन डिजिटल जोन) में गुरुवार को जेईई मेंस की पहली पाली की परीक्षा चल रही थी। आरोपी परीक्षार्थी आदित्य कुमार सुबह करीब 8:25 बजे परीक्षा केंद्र पहुंचा। मुख्य गेट पर चेकिंग के दौरान उसने चालाकी दिखाते हुए अपनी चप्पलें पहले ही उतार दीं।

जिससे मेटल डिटेक्टर की जांच में वह न पकड़ा जाए। इसके बाद वह लैब नंबर 12ए में जाकर अपनी सीट पर बैठ गया और सुबह 9 बजे से पेपर देना शुरू कर दिया।

परीक्षा के दौरान सुबह करीब 11:08 बजे आदित्य ने बायो-ब्रेक (वॉशरूम जाने) की अनुमति मांगी। वह लगभग 20 मिनट तक बाहर रहा। जब वह 11:28 बजे वॉशरूम से वापस आया, तो सुरक्षा गार्ड ओमेंद्र कुमार ने उसकी दोबारा जांच की। इस बार भी आदित्य ने चालाकी दिखाई और जांच से पहले ही अपनी चप्पलें दूर उतार दीं।

चप्पल घसीट कर चल रहा था परीक्षार्थी

जांच के बाद जैसे ही उसने चप्पल पहनी और लैब की तरफ बढ़ने लगा, गार्ड की नजर उसकी चाल पर पड़ी। वह अपनी चप्पलों को जमीन पर घसीटकर अजीब तरीके से चल रहा था। गार्ड को उसकी हरकत संदिग्ध लगी, जिसके बाद उसने छात्र को रोककर उसकी चप्पलों की बारीकी से जांच की।

चप्पल के अंदर मिला मोबाइल, पुलिस को बुलाया

जब गार्ड ने चप्पल चेक की तो उसमें मोबाइल मिला। छात्र ने चप्पल के तलवे को बीच से काटकर उसमें मोबाइल रखने के लिए एक खास जगह बनाई थी। चप्पल के अंदर मोबाइल पूरी तरह छिपा हुआ था। इसकी सूचना तुरंत कॉलेज के वेन्यू कमांडिंग ऑफिसर अजीत वर्मा और एनटीए के अधिकारियों को दी गई।

पुलिस को दी गई सूचना, केस दर्ज

मैनेजमेंट ने इस मामले की जानकारी तुरंत पुलिस को दी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और छात्र को हिरासत में लेकर भिलाई-3 थाने ले गई। कॉलेज प्रशासन की शिकायत पर पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है। आरोपी छात्र के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Exit mobile version