राजनांदगांव जिले में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बसंतपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली

Chhattisgarh Crimesराजनांदगांव जिले में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बसंतपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो पुरुषों और एक महिला सहित कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 9.114 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1 लाख रुपये आंकी गई है।

3 अप्रैल को थाना बसंतपुर प्रभारी निरीक्षक एमन साहू को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, मुंदड़ा कुंज जी.ई. रोड के पास तीन व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में बस का इंतजार कर रहे थे और उनके पास भारी मात्रा में गांजा था।

काले और भूरे रंग के बैगों से गांजा बरामद हुआ

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। इस संबंध में एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि तलाशी लेने पर उनके पास रखे काले और भूरे रंग के बैगों से गांजा बरामद हुआ।

मध्य प्रदेश के हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के निवासी के रूप में हुई है। इनमें शिव कुमार राय (31), निवासी धरमपुर, जिला पन्ना; सालिक राम (24), निवासी दानवारा, जिला पन्ना; और पुष्पा बर्मन (28),शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 148/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अवैध नशीले पदार्थों और तस्करी के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।