
हाईवे में चेकिंग के दौरान पहले मामले में आरोपी फॉर्च्यूनर-स्कॉर्पियो में गांजा रखे हुए थे। ओडिशा के फूलबानी जिले से लाए थे और महाराष्ट्र के पुणे ले जा रहे थे। दूसरे मामले में ओडिशा में तस्करी होनी थी। उससे पहले ही पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, 2 लग्जरी कारों में बड़ी मात्रा में गांजा लोड है। इसमें एक फॉर्च्यूनर और एक स्कॉर्पियो शामिल है। दोनों कार में कुछ लोग सवार हैं। तस्कर गांजे को ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते महाराष्ट्र ले जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस एक्टिव हो गई और टीम के साथ एनएच-53 पर रेहटीखोल के पास पहुंचकर नाकाबंदी की। यहां आने-जाने वाली गाड़ियों की चेकिंग शुरू की गई।
कुछ देर बाद बताई गई दोनों गाड़ियां फॉर्च्यूनर (MH 12 WC 0090) और स्कॉर्पियो (MH 12 YH 0090) वहां पहुंचीं। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर जांच शुरू की।
पुलिस ने जब दोनों कार में सवार लोगों से उनके नाम पूछे तो उन्होंने अपना नाम प्रशांत शंकर गोली (38), क्षितिज वीर सेन (21), अक्षय नंदकुमार निगम (27), अभिषेक डेविड जगले (26) और महेश काटकर (39) बताया। उन्होंने बताया कि वे महाराष्ट्र के सतारा जिले के हैं।
बोरियों में छुपाकर रखा था गांजा
इसके बाद गाड़ियों में सवार लोगों से कार में रखी बोरियों के बारे में पूछा तो वे गोलमोल जवाब देने लगे। पुलिस को शक होने पर दोनों कारों की तलाशी शुरू की।
तलाशी के दौरान फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो में रखी बोरियों से गांजा बरामद हुआ। पुलिस को कुल 281.900 किलो गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ 40 लाख रुपए से ज्यादा बताई जा रही है।
ओडिशा से महाराष्ट्र ले जा रहे थे
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा ओडिशा के फुलबानी से लेकर महाराष्ट्र के पुणे ले जा रहे थे। पुलिस ने मौके से 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही दोनों गाड़ियां फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो और 4 मोबाइल भी जब्त किए गए।
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने करीब 2 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति जब्त की है। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
केस 2 – नयापारा इलाके में 22kg गांजा मिला
दूसरी कार्रवाई में महासमुंद के नयापारा इलाके में पुलिस ने गांजा बेचने की फिराक में दो युवकों को दबोच लिया और उनके पास से 22 किलो गांजा बरामद किया। पकड़े गए गांजे की कीमत करीब 11 लाख रुपए बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, ओडिशा के गंजाम जिले के रहने वाले सत्यबान नायक (27) और विकास बेहरा (18) रेलवे स्टेशन के पास छिपियापारा में एक झोपड़ी में बैठकर ग्राहक तलाश रहे थे। पुलिस को मुखबिर की सूचना मिली और रेड कर दोनों को पकड़ा।
पुलिस ने बताया कि आरोपी अच्छी कीमत पाने के लिए गंजाम से गांजा लेकर महासमुंद आए थे। उनके पास से 11 किलो गांजे के अलावा 2 मोबाइल भी बरामद किए गए।
दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत केस दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।