छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नाइट लाइफ को लेकर एक बार फिर विवाद सामने आया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नाइट लाइफ को लेकर एक बार फिर विवाद सामने आया है। सेरीखेड़ी इलाके स्थित नाइट क्लब में रविवार देर रात तक पार्टी की गई, जिसका वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में कुछ इन्फ्लुएंसर अपने हाथों से शराब परोसती नजर आ रही हैं। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है।

पियानो क्लब का वीडियो बताया जा रहा है, जहां देर रात तक पार्टी चलती रही। वीडियो में क्लब के अंदर तेज म्यूजिक, भीड़ और खुलेआम शराब परोसते लोग दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान मुंबई से बुलाए गए कुछ कलाकार और इन्फ्लुएंसर भी मौजूद थे, जो पार्टी का हिस्सा बनकर लोगों को ड्रिंक्स सर्व करते नजर आए।

पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची

वहीं जब लेट लाइन पार्टी की जानकारी मिलते ही तेलीबांधा थाना की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्लब प्रबंधन से पूछताछ कर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हालांकि, इस मामले में अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

स्थानीय लोगों में नाराजगी

वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि सेरीखेड़ी और आसपास के इलाकों में इस तरह की लेट नाइट पार्टियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ रही है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

नाइट क्लब के लिए तय होती है समय सीमा

जानकारी के अनुसार नाइट क्लब संचालन के लिए प्रशासन की तय समय सीमा होती है, जिसके बाद गतिविधियां बंद करनी होती हैं। इसके बावजूद वीडियो में देर रात तक कार्यक्रम जारी रहने की बात सामने आई है, जिससे नियमों के उल्लंघन की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस बोली- वीडियो की जांच की जा रही

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। यदि जांच में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो क्लब प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

Exit mobile version