छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पूर्व उपसरपंच को लाठी-रॉड से पीट-पीटकर मार डाला, जिसके बाद उसकी लाश को जंगल में छिपा दी। हत्या के इस मामले में पुलिस ने दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। दोनों भाइयों ने जमीन के पुराने विवाद का बदला लेने के लिए उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है।
एडिशनल एसपी ग्रामीण अर्चना झा ने बताया कि ग्राम भैंसाझार के जंगल में 6 दिसंबर को पूर्व उप सरपंच सूर्य प्रकाश बघेल की लाश मिली थी। वो ठेकेदारी का भी काम करता था। सूर्य प्रकाश 4 दिसंबर को सुबह घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने रतनपुर में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।
तीन दिन बाद जंगल में मिली थी लाश इस घटना के तीन दिन बाद गांव में जंगल के भीतर उसकी बाइक मिली। कुछ दूर पर खून से लथपथ सूर्य प्रकाश का शव पड़ा हुआ था। पुलिस ने डॉग स्क्वाड, एफएसएल की टीम के साथ मौके पर साक्ष्य जुटाए। चोट के निशान और प्रथम द़ृष्टया जांच में हत्या का मामला प्रतीत होने पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इस दौरान स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू की। कुछ संदेहियों की धरपकड़ कर पूछताछ में दो सगे भाई रंजीत खांडे (23) और सुधीर खांडे (21) का नाम सामने आया। इनके साथ जमीन संबंधी विवाद हुआ था, जिस पर पुलिस दोनों की तलाश में जुट गई। टेक्नीकल इनपुट में घटना के दौरान उनके साथ में होने की जानकारी मिली।
तीन महीने से गांव के बाहर रह रहे थे दोनों भाई संदेही रंजीत खांडे और सुधीर खांडे के वारदात में शामिल होने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि भैंसाझार के सूर्य प्रकाश से पूर्व में हुए विवाद के कारण दोनों भाई तीन माह से गांव से बाहर रह रहे थे। ऐसे में पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। दोनों ने पूर्व में हुए विवाद के चलते हत्या की बात कबूल की। दोनों से वारदात में प्रयुक्त बाइक समेत लोहे का पाइप व लकड़ी बेंत भी बरामद किया गया है। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।