सरगुजा जिले के अंधला में सोमवार रात घर लौट रहे एक बाइक सवार दंपती पर चार लोगों ने हमला कर दिया

Chhattisgarh Crimesसरगुजा जिले के अंधला में सोमवार रात घर लौट रहे एक बाइक सवार दंपती पर चार लोगों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने दोनों को डंडों और रॉड से बुरी तरह पीटा और बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। दोनों घायलों को लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। पत्नी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रायपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल पति का इलाज अंबिकापुर में चल रहा है।

मामला लखनपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक ग्राम अंधला निवासी कपिल दास (40) सोमवार शाम अपनी पत्नी निर्मला दास (38) के साथ बाइक से बगदरी गए थे। दोनों रात में वापस घर लौट रहे थे। अंधला के माझापारा में अचानक सामने आए चार लोगों ने उन्हें रोका। डंडों औक रॉड से लैस चारों ने कपिल पर हमला कर दिया। बीच-बचाव के लिए आई निर्मला भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई।

कपिल और निर्मला दोनों बेहोश हो गए तो हमलावर भाग निकले। दोनों को घायल अवस्था में देखकर गांव के लोगों ने उन्हें तत्काल लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल निर्मला दास को तत्काल रायपुर रेफर कर दिया गया। वहीं कपिल दास को अंबिकापुर रेफर कर दिया गया।

निर्मला दास को परिजन लेकर रायपुर जाने के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं कपिल का इलाज अंबिकापुर के निजी हॉस्पिटल में चल रहा है। सुबह करीब 10 बजे कपिल दास को होश आया तो उसने हमले की जानकारी दी है।

लूटपाट या रंजिश, जांच में जुटी पुलिस

दंपती पर हमला करने वाले कौन थे और हमला लूटपाट की नीयत से किया गया या कोई पुरानी रंजिश थी। इन सभी पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है। मामले में एडिशनल एसपी अमोलक सिंह ने कहा कि लखनपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची है। मामले में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

Exit mobile version