भिलाई-3 के ग्राम करसा में एचपी गैस सिलेंडर की सप्लाई न होने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण सड़क पर बैठ गए और गैस एजेंसी के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। इससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ।
सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर पुरानी भिलाई थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम समाप्त कराया। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब 20 दिनों से गांव में गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है।
कई बार एजेंसी के चक्कर लगाने के बावजूद ग्रामीण खाली हाथ लौट रहे हैं। घरों में खाना बनाने में कठिनाई हो रही है और लोगों को लकड़ी और अन्य विकल्पों का सहारा लेना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया।
शताक्षी गैस एजेंसी में नियमित सप्लाई नहीं हो रही
ग्रामीणों ने बताया कि शताक्षी गैस एजेंसी से सिलेंडर की सप्लाई होती है, लेकिन समय पर गैस नहीं मिल रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। लोगों का आरोप है कि एजेंसी में व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों में परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले इसी गैस एजेंसी में बाउंसर ने ग्राहकों से मारपीट की थी, जिससे पहले से ही नाराज़गी थी। अब सिलेंडर न मिलने से लोगों का गुस्सा और बढ़ गया है। उनका कहना है कि गैस जैसी जरूरी चीज के लिए बार-बार भटकना पड़ रहा है।
जल्द सप्लाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन ने ग्रामीणों से बातचीत की और जल्द सप्लाई सुधारने का भरोसा दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और सड़क से हट गए।
प्रशासन ने गैस एजेंसी से भी बात कर स्थिति सुधारने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों ने साफ कहा है कि अगर जल्द ही गैस सिलेंडर की नियमित सप्लाई शुरू नहीं हुई तो वे फिर से आंदोलन करेंगे और इस बार बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।