दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा चलाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा चलाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी आईपीएल मैचों पर मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा लगा रहे थे। पुलिस ने मौके से तीन मोबाइल , कार और स्कूटी जब्त की है।

पुलिस ने बताया कि 5 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खेदामारा के नहर किनारे मैदान में कुछ लोग मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही जामुल पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।

रेड के दौरान तीन युवकों को मोबाइल पर आईपीएल मैचों में सट्टा लगाते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी “BET BHAI 9” नाम के ऑनलाइन लिंक के जरिए सट्टा चला रहे थे। पुलिस से बचने के लिए आरोपी लगातार जगह बदलते रहते थे।

साथ ही क्रेटा और स्कूटी से घूम-घूमकर सट्टा संचालित करते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल, कार (CG07BF5311) और स्कूटी (CG07CG7551) जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 4 लाख 6 हजार रुपए बताई जा रही है।

तीन लाख से ज्यादा का मिला ऑनलाइन लेन-देन

पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच की तो उसमें करीब ढाई लाख से तीन लाख रुपए तक के ऑनलाइन लेनदेन का रिकॉर्ड मिला। इसके बाद पुलिस ने तीनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 5, 6 और 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में डिकेश्वर सिन्हा उर्फ राजा (28) निवासी मठपारा जामुल, कुलेश्वर पटेल (28) निवासी खेदामारा जामुल और दीपेश कुमार लहरी उर्फ सन्नी (23) निवासी गणेश नगर जामुल शामिल हैं। तीनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।