कोंडागांव जिले के धनोरा थाना क्षेत्र में एक युवती से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता ने धनोरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उसकी पहचान उच्च माध्यमिक शाला तुर्की में पदस्थ शिक्षक हिमांशु मेश्राम से 7 जनवरी 2025 को हुई थी। आरोपी ने उसे फोन कर धनोरा बुलाया और प्रेम और शादी का झांसा दिया।
आरोपी ने जबरन शारीरिक संबंध बनाए
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे अपने किराए के मकान में ले गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए। घटना के बाद जब पीड़िता ने आरोपी पर शादी के लिए दबाव बनाया, तो उसने साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक भुनेश्वर नाग के नेतृत्व में तुरंत एक पुलिस टीम का गठन किया। टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा
पुलिस ने पर्याप्त सबूत मिलने पर आरोपी हिमांशु मेश्राम (28), निवासी बसंतपुर, जिला राजनांदगांव (वर्तमान निवास धनोरा, जिला कोंडागांव) को 7 अप्रैल को सुबह करीब 11:30 बजे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है।
आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला अपराधों के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।