कोंडागांव पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना जिले के फरसगांव थाना क्षेत्र में हुई, जहां आरोपी ने शादी का झांसा देकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया था। पुलिस महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों पर लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता के पिता ने 6 अप्रैल को फरसगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि आरोपी आनंद मंडावी (20), निवासी बालोण्ड धरमारपारा, फरसगांव, 1 अप्रैल को नाबालिग को मेला दिखाने के बहाने अपने साथ ले गया था।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की
आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर शादी का झांसा दिया और अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर दुष्कर्म किया। इस संबंध में फरसगांव थाने में अपराध क्रमांक 39/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(1), 351(3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने तुरंत विवेचना शुरू की।
आरोपी कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए, कोंडागांव पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन और एसडीओपी फरसगांव अभिनव उपाध्याय के पर्यवेक्षण में एक टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर श्रीवास के नेतृत्व में इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है। कोंडागांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।