सूरजपुर जिले के करतमा में सगाई समारोह में शामिल होने गया युवक रात को गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला

Chhattisgarh Crimesसूरजपुर जिले के करतमा में सगाई समारोह में शामिल होने गया युवक रात को गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। परिजनों ने उसे इलाज के लिए अंबिकापुर के प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां आज सुबह उसकी मौत हो गई। परिजनों ने युवक से मारपीट का आरोप लगाया है और जांच की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करतमा का निवासी समर साय यादव (40 वर्ष) 5 अप्रैल को परिवार के अन्य सभी सदस्यों के साथ सगाई समारोह में शामिल होने बरपारा गया था। रात को खाना खाकर परिवार के सभी सदस्य घर लौट गए। समय साय यादव ने कहा कि वह कुछ देर में घर लौट जाएगा।

12 बजे घायल अवस्था में मिला युवक रात करीब 12 बजे गांव के ही दो युवक जनेउ धारी बरगाह एवं महादेव बरगाह दोनों बाइक से समर साय यादव को बाइक में लेकर घर पहुंचे और बताया कि वह उनके घर के बाहर बेहोशी की हालत में पड़ा था। समर साय को सुबह तक होश नहीं आया तो परिजनों ने उसे अंबिकापुर के निजी अस्पताल में दाखिल किया।

निजी अस्पताल से समर साय यादव को रायपुर रेफर कर दिया गया। परिजन उसे लेकर रायपुर रवाना हुए। रास्ते में बिलासपुर के पास उसका शरीर ठंडा पड़ गया तो परिजन उसे लेकर सुबह वापस अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचे। अंबिकापुर में जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने कहा मारपीट हुई मृतक के छोटे भाई अमर साय ने बताया कि समय साय के सिर में गंभीर चोटें आई थी। उसके साथ मारपीट की गई है, जिसकी जानकारी उसे बाइक में घर छोड़ने आए दोनों युवकों को भी है, लेकिन वे जानकारी नहीं दे रहे हैं। मारपीट के कारण समर साय की मौत हुई है।

पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। पुलिस द्वारा परिजनों को बयान लिया गया है। केस डायरी जयनगर थाने को भेजी जाएगी।