बिलासपुर में शोभायात्रा के दौरान युवक पर चाकू मारने के आरोपी निगरानी बदमाश को पुलिस ने थाने से छोड़ दिया

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर में शोभायात्रा के दौरान युवक पर चाकू मारने के आरोपी निगरानी बदमाश को पुलिस ने थाने से छोड़ दिया। इस केस में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि जिस युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है, वो इस घटना में शामिल नहीं था। घटना तोरवा थाना क्षेत्र की है।

दरअसल, चांटीडीह निवासी सन्नी श्रीवास ने बताया कि वह अपने दोस्त सूरज साहू के साथ हनुमान जयंती पर रात में तोरवा मेन रोड पर शोभायात्रा देखने गया था। इस दौरान वो खड़े होकर शोभायात्रा में जीवंत झांकी देख रहा था।

इसी दौरान प्रियांशु बोले नाम का युवक वहां पहुंचा और सूरज को साइड में हटने के लिए कहा। सूरज जैसे ही किनारे हटने लगा, प्रियांशु ने ‘ज्यादा अकड़ में बात कर रहा है’ कहते हुए विवाद शुरू कर दिया।

बहस होने पर दोस्तों को बुलाया और मारा चाकू

विवाद बढ़ने पर प्रियांशु ने दयालबंद से अपने दोस्त साहिल सोनकर, सुरेश और वैभव को बुला लिया। इस दौरान चारों ने मिलकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। विवाद के बीच प्रियांशु ने अपने पास रखे चाकू से सूरज साहू के पेट, सिर और पीठ पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

जिससे खून से लथपथ होकर सूरज बुरी तरह से घायल हो गया, जिसे सन्नी ने तुरंत सिम्स अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए।

3 आरोपी गिरफ्तार, निगरानी बदमाश को थाने से छोड़ा

तोरवा पुलिस ने इस केस में दयालबंद निवासी आरोपी प्रियांशु बोले (25) पिता अरूण बोले, ओम बोले (23) और तोरवा क्षेत्र के रहने वाले के राघवेन्द्र राव उर्फ सुरेश (26) पिता के श्रीनिवास राव को गिरफ्तार किया है।

जबकि, निगरानी बदमाश साहिल सोनकर को भी पुलिस ने पकड़ा था। लेकिन, उसे थाने से ही छोड़ दिया गया। सीएसपी गगन कुमार का कहना है कि साहिल सोनकर इस घटना में शामिल नहीं था, जिसके चलते उसे गिरफ्तार नहीं किया गया है।