छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में 6 साल छोटे बॉयफ्रेंड ने शादीशुदा महिला का मर्डर कर दिया। महिला अपने पति को छोड़ चुकी थी और प्रेमी संग पिछले 4 साल से लिव-इन में रह रही थी।
महिला अक्सर बीमार रहती थी। 1 अप्रैल को समय पर दवाई नहीं खाने की बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ। गुस्से में आकर प्रेमी ने पहले तो महिला को थप्पड़ जड़ा फिर मंगलसूत्र से गला घोंटकर मार डाला।
युवक ने अस्पताल में बताया कि तबीयत खराब होने के कारण वह बेहोश हो गई, लेकिन पुलिस की जांच में हत्या का खुलासा हुआ। मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है।
अब जानिए पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, 1 अप्रैल को किरोड़ीमल नगर क्षेत्र में रहने वाली धनेश्वरी विश्वकर्मा (32) को विकेश बरैठ (26) जिंदल अस्पताल लेकर पहुंचा। डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। युवक ने बताया कि वह तबीयत खराब होने के कारण बेहोश हो गई थी। इसकी सूचना कोतरा रोड थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया। मंगलवार (7 अप्रैल) को आई रिपोर्ट में डॉक्टरों ने बताया कि गले पर दबाव पड़ने से दम घुटने के कारण उसकी मौत हुई है। मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान परिजनों से पूछताछ में पता चला कि धनेश्वरी की शादी अकलतरा के पोड़ीभाठा निवासी मनोज विश्वकर्मा से हुई थी। लेकिन करीब 4 साल पहले पति से परेशान होकर वह अपने मायके किरोड़ीमल नगर में रहने लगी थी। इसी दौरान उसकी पहचान विकेश बरैठ से हुई। विकेश मजदूरी का काम करता था।
दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रहने लगे
दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे और करीब 4 साल से किरोड़ीमल नगर में लिव-इन रिलेशनशिप में साथ रह रहे थे। धनेश्वरी बीच-बीच में बीमार रहती थी और उसका इलाज विकेश कराता था।
करीब एक महीने से उसकी तबीयत ज्यादा खराब थी। इसी बीच उसके पति मनोज विश्वकर्मा के साथ तलाक का मामला भी चल रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूला
1 अप्रैल को विकेश, धनेश्वरी के साथ था। संदेह के आधार पर DSP अजय नागवंशी ने विकेश से पूछताछ की। काफी पूछताछ के बाद विकेश ने कबूल कर लिया कि उसने मंगलसूत्र से धनेश्वरी का गला घोंटा था।
समय पर दवाई नहीं खाती थी
पूछताछ में विकेश ने ये भी बताया कि वह धनेश्वरी का इलाज करा रहा था। धनेश्वरी समय पर दवाई नहीं खाती थी, और पति के साथ तलाक भी नहीं हुआ था, इसलिए दोनों शादी भी नहीं कर पा रहे थे। इसी वजह से अक्सर दोनों के बीच झगड़े होते रहते थे।
1 अप्रैल को विकेश की नानी उसके घर आई थी, और धनेश्वरी समय पर खाना नहीं बना पाई। इसी बात पर विकेश ने उसे डांट फटकार लगाई।
मंगलसूत्र को जोर से खींचने पर गई जान
इसके बाद विकेश अपनी नानी को घर छोड़कर वापस आया और देखा कि धनेश्वरी ने दवाई नहीं खाई थी। इस बात पर दोनों के बीच फिर से जमकर झगड़ा हो गया।
इस दौरान विकेश ने धनेश्वरी को 1-2 थप्पड़ मारे। धनेश्वरी बोली, ‘मैं तुम्हारे साथ नहीं रहूंगी,’ और घर जाने लगी। तभी विकेश ने पीछे से उसका मंगलसूत्र पकड़कर जोर से खींचा, जिससे वह गिर गई और बेहोश हो गई।
महिला के मौत के कारणों को छिपाया
जब उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई, तब विकेश धनेश्वरी को जिंदल अस्पताल ले गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। विकेश ने महिला की मौत का असली कारण छिपाने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की बात सामने आई।