छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और काफी देर तक ड्रामा करता रहा

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के जगदलपुर में एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और काफी देर तक ड्रामा करता रहा। बताया जा रहा है कि, पत्नी के साथ उसका किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। जिससे पत्नी मायके आ गई थी। वह पत्नी से मिलने गया तो ससुराल वालों ने मिलने नहीं दिया।

इसी बात से नाराज होकर युवक सुसाइड करने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ गया। हालांकि, पुलिस के समझाने पर करीब 2 घंटे बाद युवक नीचे उतरा। मामला बोधघाट थाना क्षेत्र का है।

भोपाल का रहने वाला है कारपेंटर

जानकारी के मुताबिक, युवक का नाम दिलीप विश्वकर्मा है। वह मूल रूप से भोपाल का रहने वाला है और पेशे से कारपेंटर है। वर्तमान में वह कोंडागांव जिले में रह रहा था। पत्नी का मायके जगदलपुर है। पुलिस के अनुसार, युवक का पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। 2 दिन पहले पत्नी बच्चे को लेकर अपने मायके जगदलपुर आ गई।

युवक अपनी पत्नी को मनाने के लिए यहां पहुंचा, लेकिन बात नहीं बनी। पत्नी के नहीं मानने से आहत युवक आत्महत्या करने मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को चढ़ा देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और कई लोगों ने इस पूरे मामले का वीडियो भी बना लिया।

पुलिस ने युवक को नीचे उतारा

सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली और बोधघाट थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने करीब दो घंटे तक युवक को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसे शांत रहने और नीचे उतरने के लिए लगातार बातचीत की। काफी मशक्कत और समझाइश के बाद युवक आखिरकार टावर से नीचे उतरने को तैयार हो गया।

विवाद सुलझाने की कोशिश कर रही पुलिस

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। मामला बोधघाट थाना क्षेत्र का है, महिला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की रहने वाली है। पति-पत्नी के बीच हुए विवाद को सुलझाने का प्रयास भी किया जा रहा है।

Exit mobile version