भिलाई के कैम्प-2 शारदा पारा तालाब में बुधवार शाम एक व्यक्ति डूब गया। उसकी पहचान संतोष यादव उर्फ पोपू (40) के रूप में हुई है, जो हमाली का काम करता था। घटना छावनी थाना क्षेत्र के कैम्प-2 वार्ड-35 की है। एसडीआरएफ की टीम शाम को 4 बजे से उसकी तलाश में जुटी है, लेकिन अब तक उसका कुछ भी पता नहीं चला है।
संतोष यादव बुधवार शाम करीब 4 बजे तालाब में नहाने के लिए गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने जब उसे पानी में नहीं देखा तो तलाश शुरू की गई। कुछ देर बाद परिजनों और स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
गहराई का अंदाजा नहीं लगा सका
घटना की सूचना मिलते ही छावनी थाना प्रभारी अमित अंदानी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तालाब में डूबे शख्स की तलाश के लिए SDRF और गोताखोरों की टीम को बुलाया गया। देर शाम तक तालाब में खोजबीन का काम चलता रहा।
मजदूर के बेटे ने आरोप लगाया है कि, दो साल पहले तालाब को गहरा किया गया था, जिसके बाद से यह ज्यादा खतरनाक हो गया है। तालाब के चारों ओर जलकुंभी फैली हुई है, जिससे पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। इसी वजह से उसके पिता गहरे पानी में चले गए।
सुरक्षा के नहीं हैं इंतजाम
स्थानीय लोगों का कहना है कि, तालाब के आसपास सुरक्षा के कोई खास इंतजाम नहीं हैं। न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही बाउंड्री की व्यवस्था है। जलकुंभी की वजह से तालाब और ज्यादा खतरनाक हो गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। गोताखोरों की मदद से मजदूर की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जब तक शव नहीं मिल जाता तब तक कुछ नहीं कहा जा सकता है।